अमेरिका के लुइसियाना राज्य के न्यू ऑर्लियंस शहर में एक जनवरी को एक शख्स ने नए साल का जश्न मना रहे लोगों पर पिकअप ट्रक चढ़ा दिया। इसमें 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 35 से ज्यादा लोग घायल हो गए।
घटना भारतीय समयानुसार दोपहर 3 बजे की है। इस वक्त न्यू ऑर्लियंस में रात के 3 बजकर 15 मिनट हो रहे थे। शहर की सबसे व्यस्तम बॉर्बन स्ट्रीट पर हजारों लोग जश्न मना रहे थे। अचानक एक गाड़ी भीड़ को रौंदते हुए आगे बढ़ी।
टक्कर के बाद भगदड़ मच गई। कई लोग टक्कर के बाद दूर जा गिरे। इसके बाद उसमें से एक शख्स उतरा। उसने लोगों पर फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस फोर्स को भी फायरिंग करनी पड़ी। NBC न्यूज के मुताबिक हमलावर की मौत हो चुकी है।
ABC न्यूज ने पुलिस प्रवक्ता का हवाला देते हुए बताया कि ऐसा लगता है कि हमला जानबूझकर किया गया था। इस घटना के बाद नए साल के जश्न का माहौल मातम में बदल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायलों को शहर के 5 अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।