डॉ अनिरुद्धाचार्य ने अमर उजाला संवाद के मंच पर राणा सांगा और मुगल शासक औरंगजेब से जुड़े विवादों पर बेबाकी से जवाब दिए। उन्होंने कहा कि औरंगजेब के वंशज तो पाकिस्तान में रहते हैं, ऐसे लोग वहीं चले जाएं सपरिवार। खाएंगे रोटी यहां की और बखान करेंगे उन मूर्खों का। ऐसे लोगों को उल्टा लटकार मिर्ची का धुआं देना चाहिए।
भागवत कथावाचक और आध्यात्मिक वक्ता डॉ अनिरुद्धाचार्य ने आज अमर उजाला संवाद के मंच पर ‘सनातन धर्म और आध्यात्म’ के विषय पर बेबाकी से अपनी राय रखी। उन्होंने सियासी गलियारों से जुड़े सवालों पर भी जवाब दिए। हाल में सुर्खियों में रही मुगलशासक औरंगजेब की कब्र की खबर और महाराष्ट्र में राणा सांगा को लेकर उपजे विवाद के बीच देश की वर्तमान सामाजिक-राजनीतिक सूरत-ए-हाल को लेकर भी डॉ अनिरुद्धाचार्य ने बेबाक टिप्पणी की। बता दें कि राणा सांगा को लेकर उत्तर प्रदेश के आगरा के समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता रामजीलाल सुमन ने विवादित बयान दिया था। उन्होंने इस पर भी जवाब दिया।
आगरा के एक नेता राणा सांगा को गलत बताते हैं, महाराष्ट्र के एक नेता औरंगजेब को नायक बताते हैं, इस पर क्या कहेंगे?
अनिरुद्धाचार्य: औरंगजेब के वंशज तो पाकिस्तान में रहते हैं, ऐसे लोग वहीं चले जाएं सपरिवार। खाएंगे रोटी यहां की और बखान करेंगे उन मूर्खों का। ऐसे लोगों को उल्टा लटकाकर मिर्ची का धुआं देना चाहिए। राणा सांगा को गद्दार बताने वालों से यह पूछना चाहिए कि हमारे यहां गद्दार कौन थे, यह इतिहास बता देगा। उन्हें इतिहास पढ़ना चाहिए। ये पढ़ते-लिखते नहीं। जो पढ़े ही ना, बस बात करें, उससे क्या माथापच्ची करना।
इस तरह का न्याय सही होगा?
अनिरुद्धाचार्य: पहले चोरी करने वालों के हाथ काट लिए जाते थे। आज बलात्कारियों को बंद कमरे में नहीं, कैमरे के सामने फांसी क्यों नहीं दी जाती। बलात्कार करने वाले का केस दस साल चलता है। फांसी की सजा सुनाई जाती है, तब भी फांसी कब दी जाएगी, यह नहीं पता रहता। एक बार चौराहे पर फांसी दो, बेटियां सुरक्षित हो जाएंगी।